विकियात्रा से

विकियात्रा को खराब या अनुपयोगी संपादन करने वालों से बचाने हेतु उन्हें अवरोधित करना कभी कभी आवश्यक हो जाता है। किसी को भी किन कारणों से अवरोधित किया जाता है, इस बारे में इस नीति में उल्लेख किया गया है, जिससे कोई भी सदस्य ये समझ सके कि सदस्य को किस कारण से अवरोधित किया गया है और प्रबन्धक भी इन कारणों को पढ़ कर समझ सकें कि किस स्थिति में सदस्यों को अवरोधित किया जाता है।

अवरोध नीति केवल विकियात्रा और इसके अच्छे योगदान करने वाले सदस्यों को बचाने के लिए बनाई गई है। जिससे विकि की गुणवत्ता और विश्वसनीय बनी रहे और अच्छे योगदान करने वाले सदस्य भी अपना योगदान जारी रख सकें। अवरोध किसी सदस्य को सजा देने के लिए नहीं है, अतः इनमें दिये गए सभी कारण किसी न किसी तरह विकि को हानि पहुंचाने का कार्य करते हैं। यदि आपको लगता है कि कोई कारण ऐसा है, जो इस नीति में उपस्थित नहीं है, तो आप उसे इस नीति के वार्ता पृष्ठ में प्रस्तावित कर सकते हैं।

यदि सदस्यों को लगता है कि अवरोध किसी गलत कारण से किया गया है या किसी सदस्य को एक और मौका मिलना चाहिए, तो वे अपने वार्ता पृष्ठ में अवरोध हटाने का अनुरोध कर सकते हैं, कोई भी प्रबन्धक उस अनुरोध की समीक्षा कर अपने विवेक से निर्णय ले सकते हैं। यदि सदस्य अवरोध होने के बाद कोई नया खाता बना कर सम्पादन करता है, तो उस खाते को भी अवरोध जारी रखने के लिए अवरोधित किया जाता है।

कारण[सम्पादन]

बर्बरता[सम्पादन]

लेखों में मशीनी अनुवाद या खराब अनुवाद भरना, ढेर सारे आधार लेख बनाना, अर्थहीन जानकारी भरना या उससे लेख का निर्माण करना आदि सभी विकियात्रा की गुणवत्ता को क्षति पहुँचाता है, इस कारण ऐसे सम्पादन करने वालों को रोकने हेतु उन्हें अवरोधित किया जाता है। इस नीति में मशीनी अनुवाद और खराब अनुवाद को भी बर्बरता की श्रेणी में रखा गया है, क्योंकि मशीनी अनुवाद या खराब अनुवाद पढ़ने लायक नहीं होते हैं। इन्हें एक तरह से अर्थहीन सामग्री के रूप में भी देखा जा सकता है। हालांकि इस तरह के अनुवाद से लोगों को ऐसा लग सकता है कि विकियात्रा में केवल मशीनी अनुवाद या खराब अनुवाद ही भरा हुआ है, या आधे से अधिक जानकारी इन्हीं सब से बनाई गई है। इस कारण लोग यात्राओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए किसी दूसरे स्रोत का उपयोग करना शुरू कर सकते हैं।

विकियात्रा पर सबसे ज्यादा ध्यान लेखों की गुणवत्ता पर दिया जाता है, ताकि उसमें किसी में भी कोई मात्रा, शब्द या वाक्य में त्रुटि न रहे। गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ये जरूरी है कि लेखों में किसी भी प्रकार का व्याकरण त्रुटि, मात्रा त्रुटि आदि न रहे और लोग सही सही जानकारी पढ़ सकें। लोग योगदान देने के लिए मशीनी अनुवाद का सहारा ले लेते हैं। मशीनी अनुवाद काफी हद तक सही अनुवाद दिखाता है, लेकिन उसमें कई तरह की त्रुटि रह ही जाती है और अच्छी तरह अनुवाद करने का काम केवल इंसान ही कर सकता है। इस कारण इस तरह के अनुवाद किए लेखों को पढ़ते समय लोगों को कई वाक्य ठीक से समझ नहीं आता है, हालांकि कई बार अनुवाद के समय ऐसे वाक्य देखते समय ठीक तो लगते हैं, लेकिन उसका सही अर्थ समझा नहीं पाते हैं। कई बार अनुवाद किसी अन्य विषय से जुड़ा हो जाता है और इस तरह से पूरा लेख खराब हो जाता है। इससे एक और नुकसान ये होता है कि लोगों को ऐसा लगने लगता है कि विकियात्रा की तमाम जानकारी इसी तरह से लिखी गई है। इस कारण मशीनी अनुवाद या खराब अनुवाद कों जल्द से जल्द ठीक कर देना चाहिए या हटा देना चाहिए। मशीनी अनुवाद या खराब अनुवाद की ही तरह अर्थहीन जानकारी को भी नहीं रखा जा सकता है। लगातार इस तरह की जानकारी भरने वाले सदस्यों को एक या दो चेतावनी के बाद या अधिक बर्बरता किए जाने पर बिना चेतावनी के भी अवरोधित किया जा सकता है।

प्रचार[सम्पादन]

यह किसी प्रचार का माध्यम नहीं है। इसमें व्यक्ति, संगठन, वेबसाइट, कंपनी आदि किसी भी प्रकार के प्रचार करने वाले सदस्य को अवरोधित किया जा सकता है। यह एक यात्रा मार्गदर्शक है और इसमें केवल यात्रा से जुड़ी जानकारी ही होनी चाहिए। इस कारण इसमें यात्रा से जुड़े कंपनी जैसे विमान संचालन कंपनी आदि के बारे में लिख सकते हैं, लेकिन उसे इतना उल्लेखनीय भी होना चाहिए कि उसे लेख में जोड़ा जा सके। इसके अलावा किसी भी उत्पाद या हवाई अड्डे या घूमने की जगह के बारे में बताने के स्थान पर विज्ञापन की तरह लिखा जाये तो उसे भी प्रचार की श्रेणी में लिया जा सकता है और बार बार इस तरह का प्रचार करने पर अवरोधित भी किया जा सकता है।

कई बार सदस्य किसी चीज का प्रचार करने के लिए उसी नाम से अपने खाते को बना लेते हैं। इसके बारे में विस्तार से अनुचित नाम वाले अनुभाग में दिया गया है। ऐसे खातों को अमान्य नाम वाली नीति के अनुसार सीधे अवरोधित किया जा सकता है, और यदि सदस्य उस खाते से किसी अन्य प्रकार का प्रचार कार्य करता है, जैसे कहीं किसी वेबसाइट की कड़ी डालना या जानकारी भरना, जो किसी तरह के प्रचार के काम आये, तो उसे इस "प्रचार" वाली श्रेणी के तहत अवरोधित किया जा सकता है।

कठपुतली[सम्पादन]

विकियात्रा या विकिमीडिया संस्थान के किसी भी परियोजना में एक से अधिक खाते रखने की अनुमति नहीं है। हाँ, कुछ खाते जैसे बॉट या वैकल्पिक खातों का निर्माण कर सकते हैं। पर उन खातों की पहले से जानकारी देना जरूरी है। इसके लिए आप अपने सदस्य खाते और अपने बॉट खाते में इसकी जानकारी लिख सकते हैं। इसके अलावा ऐसे सदस्य जो खाते की जानकारी रखे भी हों पर अपने कई खातों द्वारा सदस्यों को तंग कर रहे हों या परियोजना को हानि पहुंचाने की कोशिश कर रहे हों, तो ऐसे सदस्य को हमेशा के लिए अवरोधित किया जा सकता है।

बिना अनुमति बॉट संचालन[सम्पादन]

विकियात्रा में किसी भी प्रकार के स्वचालित सम्पादन हेतु अनुमति लेना अनिवार्य है। हालांकि वैश्विक बॉट अनुप्रेषण ठीक करने और विकिडाटा से जोड़ने का कार्य बिना अनुमति के भी कर सकते हैं, क्योंकि उनका ये मुख्य कार्य है। स्वचालित सम्पादन या इस तरह के बड़े पैमाने पर किए जाने वाले कार्यों के बारे में चर्चा करना ही सही होता है, यदि कोई सदस्य इस तरह का बदलाव करना चाहे तो इस पर चर्चा कर के निर्णय लेने के बाद कोई भी बॉट संचालक यह कार्य बॉट से कर लेगा।

यदि आप बॉट से सम्पादन करना चाहते हैं तो उसके लिए आपको बॉट अधिकार लेना होगा और उसके साथ साथ आप जिस कार्य को करना चाहते हैं, उसकी अनुमति भी लेनी होगी। बिना बॉट अधिकार के सम्पादन करने पर बॉट खाते को अवरोधित किया जा सकता है। यदि आपने बॉट अधिकार ले लिया, लेकिन अनुमति प्राप्त नहीं की, तो भी बिना किसी सूचना के आपके बॉट खाते को अनिश्चित काल के लिए अवरोधित कर दिया जाएगा।

यदि बिना अनुमति बॉट चलाने के कारण खाता अवरोधित हो जाये तो जब तक उस खाते को बॉट चलाने की अनुमति और बॉट अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक उसे अवरोधित ही रखा जाएगा। जिससे भविष्य में बॉट द्वारा फिर से बिना अनुमति सम्पादन न हो।

अनुचित नाम[सम्पादन]

यदि कोई सदस्य अपने खाते का नाम किसी का मजाक उड़ाने के लिए रखता है या किसी वेबसाइट, कंपनी या संगठन के प्रचार करने हेतु रखता है तो ऐसे नाम वाले सदस्यों को तुरंत अवरोधित किया जा सकता है और अवरोध तब तक हटाया नहीं जा सकता, जब तक सदस्य अपना कोई ढंग का नाम न रख ले। ऐसे सदस्य, जो इस कारण से अवरोधित हुए हैं, वे अपने सदस्य नाम को बदलने का अनुरोध कर सकते हैं, उसके बाद उन्हें अवरोध से मुक्त कर दिया जाएगा। लेकिन यदि उनके पिछले सदस्य नाम से या उनके कार्य से यह कार्य जानबुझ कर किए गए लगे तो ऐसे सदस्यों के खातों को अवरोध मुक्त नहीं किया जाएगा।

सदस्य के खाते को बिना किसी पूर्व चेतावनी के इस तरह के नामों का उपयोग करने पर अवरोधित किया जा सकता है:

  • प्रचारात्मक नाम — सदस्यों के नाम में यदि किसी संस्था, उत्पाद, वेबसाइट आदि का नाम हो तो यह प्रचारात्मक नाम की श्रेणी में आता है।
  • आपत्तिजनक नाम — अपशब्द, अश्लील या किसी का मज़ाक उड़ाने या व्यक्तिगत हमले के उद्देश से रखे नाम को इस श्रेणी में रखा जाता है। ऐसे नाम जिनसे दूसरे विकि सदस्यों को आपत्ति होती है।
  • भ्रामक नाम — विकियात्रा पर "बॉट" शब्द का सदस्य नाम में उपयोग सिर्फ बॉट खातों के संचालन में होता है। विकियात्रा के किसी अधिकार के नाम से या विकिमीडिया या उससे जुड़े किसी नाम पर कोई सदस्य नाम रखे तो इससे भ्रम उत्पन्न होता है कि सदस्य के पास वह अधिकार है या वह विकिमीडिया संस्थान में कर्मचारी है, जो सही नहीं है। आईपी पते के जैसे नाम भी भ्रम उत्पन्न करते हैं। इन सभी को भ्रामक नाम की श्रेणी में रखा गया है।

अशिष्ट व्यवहार[सम्पादन]

अशिष्ट या बुरे व्यवहार से विकि का माहोल खराब होता है और जिसके साथ किया जाता है, उसे भी खराब लगता है। अशिष्ट व्यवहार करने से कोई लाभ तो होता नहीं है, लेकिन आपकी छवि दूसरों के सामने गिर जरूर जाती है और यदि आपकी गलती न भी तो तो भी आपको ही गलत मान लिया जाता है। इस कारण विकि में केवल शिष्ट व्यवहार ही किया जाना चाहिए।

विकि में चर्चा या अन्य किसी भी तरह के योगदान का मुख्य उद्देश्य केवल विकि के विकास और उपयोगी बनाने हेतु ही होना चाहिए। किसी को गाली देना, व्यक्तिगत हमले करना, भद्दी टिप्पणी करना, आदि अशिष्ट व्यवहार के अंतर्गत आता है और ऐसे व्यवहार कर विकि का माहोल बिगाड़ने वाले सदस्यों को चेतावनी देने के बाद अवरोधित किया जाता है। यदि कोई आपके साथ इस तरह का व्यवहार करे, तो कृपया आप भी इस तरह के शब्दों का चयन न करें और इसकी शिकायत करें। यदि कोई इस तरह के कार्य करने वाले सदस्य को उत्तर देने के लिए भी इस तरह का व्यवहार करे तो उसे भी अवरोधित किया जा सकता है। अतः ऐसे कार्य करने वाले सदस्यों के कार्य को प्रोत्साहित करने वाले सदस्यों को भी अवरोधित किया जाएगा।

नीतियों का उल्लंघन[सम्पादन]

नीतियों का बार बार उल्लंघन करने पर उस उल्लंघन को रोकने के लिए सदस्य को अवरोधित किया जा सकता है। आम तौर पर सदस्य को कम से कम दो बार चेतावनी या सामान्य संदेश दे कर ये बताया जाता है कि ये नीतियों के विरुद्ध है। यदि दो बार संदेश देने के बाद भी कोई सदस्य नीतियों का उल्लंघन करता है तो उसे अवरोधित कर दिया जाता है। विकि में स्थापित सभी नीतियों की सूची आप विकियात्रा:नीति में देख सकते हैं।

विशेष रूप से नीतियों का उल्लंघन करने पर सदस्य को तभी अवरोध करना चाहिए, जब इसके अलावा कोई और मार्ग शेष न रहे। उदाहरण के रूप में यदि सदस्य अपने अधिकार का दुरुपयोग करता है, तो उसके अधिकारों को ही हटाना चाहिए, और यदि इसके बाद भी नीतियों का उल्लंघन करने पर उसे अवरोधित करना चाहिए। यदि केवल अधिकार हटाने से ही इस तरह के हानि को रोका जा सकता है, तो अवरोध करना उचित नहीं है।

सामान्यतः नीतियों में सभी कार्य जिससे भी विकि को लाभ हो, उसे अच्छा माना जाता है और सभी ऐसे कार्य जिससे विकि को किसी न किसी तरह की हानि होती है, उसे बुरा माना जाता है और ऐसे कार्य करने पर उसे नीति विरुद्ध माना जाता है। फिर भी यही अपेक्षा रहती है कि आप योगदान से पूर्व इन नीतियों को पढ़ लेंगे। इसके अलावा ये जानना भी आपके लिए जरूरी है कि अन्य विकि परियोजनों की तरह ये भी एक विकि परियोजना ही है, लेकिन इसके लिखने की शैली और तरीका विकिपीडिया, विकिस्रोत आदि से भिन्न है और दूसरे शैली में बार बार लिखना भी नीतियों के विरुद्ध ही है, क्योंकि ऐसे में उन्हें विकियात्रा के स्थान पर दूसरे विकियों में रखना होगा। अतः नीतियों के साथ साथ शैली भी अच्छी तरह पढ़ लें।

अन्य[सम्पादन]

ऊपर केवल सामान्य अधिक होने वाले कुछ कारण ही दिये गए हैं, जिससे सदस्यों को पढ़ कर आसानी से समझ आ सके कि किस तरह के कार्य करने चाहिए और किस तरह के कार्यों को करने से दूर रहना चाहिए। इससे प्रबन्धक भी सही कारणों से ही अवरोध लगाने का कार्य करेंगे। हालांकि इसके अलावा भी कई बार ऐसी स्थिति आ जाती है, जिसमें ऊपर दिये गए कारण उस मामले से मेल नहीं खाते पर अवरोध करना जरूरी हो जाता है।

यदि आपको लगता है कि ये आम कारण है तो इस नीति के वार्ता पृष्ठ पर इसे जोड़ने हेतु आप अनुरोध कर सकते हैं और यदि कोई सदस्य ऊपर दिये कारणों में से अवरोध के लायक न हो, पर उसे अवरोध करना आवश्यक हो तो आप इस बारे में चर्चा कर के उसे अवरोधित कर सकते हैं। चर्चा के परिणाम स्वरूप अवरोध करते समय उस चर्चा की स्थायी कड़ी देना होता है। ताकि कोई भी सदस्य उसे देख कर उस अवरोध का कारण जान सके।

ध्यान रखें कि "अन्य" कोई कारण नहीं है, बल्कि उपरोक्त कारणों के अलावा कोई कारण हो तो क्या करें, इस बारे में बताने हेतु इसे कारण अनुभाग में रखा गया है। अतः इसके साथ अवरोध करते समय आपको चर्चा की कड़ी देना होगा, जिसमें सदस्य को अवरोधित करने हेतु चर्चा हुई है।

प्रक्रिया[सम्पादन]

विकियात्रा में सभी का स्वागत ही होता है, लेकिन हर सदस्य एक ही जैसा कार्य नहीं कर सकता, कुछ विकि में बहुत ही अच्छी तरह नीतियों को समझ कर अपना बहुत ही अच्छा योगदान देते हैं तो कुछ सदस्यों को नीतियों और इसके कार्य प्रणाली को समझने में समय लग जाता है। कुछ सदस्य नीतियों की अच्छी समझ होने के बावजूद भी उनका उल्लंघन करते हैं, तो कुछ अंजाने में ही उल्लंघन कर देते हैं। आम तौर पर किसी को भी कोई छोटी सी गलती के लिए अवरोधित नहीं किया जाता है, जब तक की वही छोटी गलती बार बार न हो। कुछ गलतियों जैसे गलत सदस्य नाम रखना, कठपुतली आदि में किसी भी प्रकार की चेतावनी बिना दिये ही अवरोधित किया जाता है। हालांकि अवरोधित करने के बाद उनके वार्ता पृष्ठ में इसकी जानकारी दे दी जाती है कि उन्हें किस कारण अवरोधित किया गया है।

कुछ सीधे अवरोधित करने वाले कारणों को छोड़ दें तो बाकी सभी कारणों में सदस्य को कम से कम दो बार चेतावनी देना जरूरी होता है। इसके लिए आप शुरू में केवल समझाने लायक शब्दों में संदेश दे सकते हैं, ताकि सदस्य अपनी गलती भी समझ सके और विकि में योगदान भी चालू रख सके, यदि पहले संदेश के बावजूद सदस्य विकिनीतियों का उल्लंघन करता है, तो उसे थोड़े कड़क शब्दों के साथ चेतावनी दिया जाता है, ताकि वो अपना कार्य रोक कर विकि की कार्य प्रणाली को समझ सके। यदि इसके बावजूद सदस्य अपना कार्य जारी रखता है तो उसे तीन दिन या एक महीने या अनंत काल के लिए अवरोधित किया जा सकता है।

अवरोध करना[सम्पादन]

  • सर्वप्रथम कारण अनुभाग से उचित कारण चुनें
  • नीचे समय अनुभाग पढ़ कर कम से कम अवरोध का समय चुनें
  • यदि कोई मामले से जुड़ी चर्चा हो तो उसे भी कारण के साथ कड़ी के रूप में जोड़ दें।

समय[सम्पादन]

अवरोध कितने समय तक किया जाये और किस स्तर तक किया जाये, ये प्रबन्धकों के विवेक पर निर्भर करता है। आम तौर पर ये सदस्य द्वारा किए गए कार्य अनुसार तय होता है। ऊपर कारण अनुभाग में दिये कुछ कारणों में सीधे सीधे अनंत काल के लिए अवरोधित किया जाता है। जिसमें अमान्य सदस्य नाम, कठपुतली खातों का उपयोग करना, आदि शामिल है।

आईपी सदस्यों के खातों को हमेशा के लिए अवरोधित नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि कई सारे आईपी पते का उपयोग एक से अधिक सदस्य भी करते हैं। उन आईपी का उपयोग हो सकता है कि भविष्य में कोई अच्छे योगदान करने वाले सदस्य भी कर लें। हमेशा के लिए अवरोध लगाने पर उन सदस्यों को विकि में योगदान करने का मौका नहीं मिलेगा। आईपी सदस्यों को जितना हो सके, उतने कम समय के लिए अवरोधित करें।

हटाना[सम्पादन]

आमतौर पर अवरोधित सदस्य को अपने वार्ता पृष्ठ में अवरोध हटाने हेतु अनुरोध करने का विकल्प होता है। यदि अन्य सक्रिय प्रबन्धक मौजूद हों तो अवरोध हटाने हेतु अनुरोध को अन्य प्रबन्धकों को ही अस्वीकार करने का मौका दिया जाना चाहिए। अन्य प्रबन्धकों के सक्रिय रहते समय अवरोध करने वाले प्रबन्धक अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं या उस अनुरोध को स्वीकार कर सकते हैं। वैसे तो अवरोध करने वाले प्रबन्धकों को उसी सदस्य के अनुरोध को अस्वीकार नहीं करना चाहिए और अन्य प्रबन्धकों की प्रतीक्षा करनी चाहिए, लेकिन परियोजना में प्रबन्धकों के बहुत कम होने और उनमें भी अन्य प्रबन्धकों के लंबे समय से निष्क्रिय रहने पर अवरोध करने वाले प्रबन्धक भी अनुरोध को अस्वीकार कर सकते हैं।

हालांकि कभी कभी सदस्य द्वारा इस सुविधा के दुरुपयोग करने पर इस विकल्प को भी हटा दिया जाता है और ऐसे सदस्य के अवरोध के हटने की संभावना भी न के बराबर हो जाती है। इसके अलावा लम्बे समय से नीतियों का बार बार उल्लंघन करने वाले सदस्यों के अवरोधित होने पर भी उनके अवरोध मुक्त होने की संभावना बहुत कम रहती है।

वैश्विक अवरोध[सम्पादन]

वैश्विक अवरोध मीडियाविकि के एक्सटेंशन द्वारा किया जाता है, जिसका उपयोग स्टीवर्ड करते हैं। इसे दो या दो से अधिक विकियों में आईपी पतों या उनके रेंज आईपी पतों द्वारा किए जाने वाले बर्बरता को रोकने के लिए उपयोग किया जाता है। इस अवरोध में आने वाले आईपी सदस्य सार्वजनिक विकिमीडिया साइट में सम्पादन नहीं कर सकते, और केवल उन्हें मेटा विकि में ही सम्पादन करने का अधिकार होता है, जिसमें वे अवरोध हटाने का अनुरोध कर सकते हैं। वैश्विक रूप से अवरोधित होना और वैश्विक प्रतिबंध लगना, दोनों अलग होता है। यदि कोई सदस्य वैश्विक रूप से अवरोधित होता है तो उसे MediaWiki:Globalblocking-ipblocked (पूर्व में MediaWiki:Globalblocking-blocked) का संदेश दिखाई देता है, जबकि स्थानीय अवरोधित सदस्य को MediaWiki:Blockedtext का संदेश दिखाई देता है। किसी भी पंजीकृत सदस्य को वैश्विक रूप से अवरोधित नहीं किया जा सकता है। उनके खातों के लिए वैश्विक लॉक का विकल्प होता है, जिससे वे अपने खाते में प्रवेश नहीं कर पाते हैं।

वैश्विक रूप से अवरोधित सदस्यों की सूची देखने के लिए विशेष:वैश्विक अवरोध सूची देखें।