इस लेख के लिए GPX फ़ाइल डाउनलोड करें
विकियात्रा से

पुणे (भूतकाल में पूना) भारत के महाराष्ट्र राज्य में है। यह महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी माना जाता है एवं राज्य का दूसरा सबसे बड़ा शहर है।

पर्यटन के लिहाज से पुणे इसके शैक्षणिक संस्थानों के अलावा अपनी सांस्कृतिक, व्यवसाय, स्वास्थ्य व भोजन-संबंधी विरासत की वजह से महत्त्वपूर्ण है। शहर की बड़ी छात्र आबादी से यहाँ की शामें रंगीन और माहौल जीवंत रहते हैं। साथ ही साथ पुणे में बेहतरीन जलपान गृह, संग्रहालय और मनोरम दृश्य पेश करते पहाड़ी किले भी हैं।

परिचय[सम्पादन]

आगा खान पैलेस

चूंकि पुणे महाराष्ट्र में है, यहाँ के अधिकांश निवासी मराठी या तो महाराष्ट्रीयन हैं। यह शहर पुणे ज़िले का प्रशासकीय मुख्यालय है। इसका लगभग १,६०० वर्षों का इतिहास है। पाँचवीं सदी की पातालेश्वर गुफाएँ (जंगली महाराज रोड के नज़दीक) पुणे में पुराकालीन बसाहट का सबूत हैं।

अपने किलों, स्मारकों, संग्रहालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों के साथ पुणे अतीत के बारे में ज्ञानार्जन के लिए एक प्रवेश-द्वार की तरह है। मध्यकालीन इतिहास के मराठा राजा शिवाजी से लेकर आगा खान पैलेस जाकर महात्मा गांधी के अहिंसक स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन के बारे में जानने लिए यहाँ बहुत कुछ है। यदि उद्धरण "स्वतंत्रता मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूँगा!" आपको दिलचस्प लगता है तो गायकवाड़वाडा संग्रहालय देख आइए। अगर प्राचीन भारतीय इतिहास या भारतविद्या में आपकी रुचि है तो डेकन कॉलेज, भारत इतिहास संशोधक मंडल, भंडारकर प्राच्य शोध संस्थान आदि अनुसंधान और सीखने के लिए स्थान रहे हैं व इनके स्वयं के संग्रहालय भी हैं।

पुणे को "पूर्व का ऑक्सफोर्ड" कहा गया है। सावित्रीबाई फुले विद्यापीठ का शहर में प्रमुख महत्व है। यहाँ कई महाविद्यालय और संस्थान हैं जो अभियांत्रिकी से लेकर ललित कला तक हर प्रकार की शिक्षा प्रदान करते हैं।

मौसम[सम्पादन]

मुलशी की वादियाँ

पुणे का मौसम खुशनुमा है। यहाँ तीन मुख्य ऋतुएँ होती हैं - ग्रीष्म, वर्षा और शरद ऋतु। गर्मी के समय में दिन का अधिकतम तापमान ३५ से ४२° से॰ के बीच रहता है। आमतौर पर पुणे में सबसे गर्म माह अप्रैल का होता है जबकि शेष दक्कन के पठार में यह मई में होता है।

यहाँ का ग्रीष्मकाल भीषण नहीं होता। गर्मी के चरम के दौरान भी हवा ठंडी होती है और किसी पेड़ के नीचे खड़े रहने मात्र से राहत मिल सकती है। हालांकि, अक्सर सूरज की रोशनी कालिमा पैदा कर सकती है। इसके लिए सनस्क्रीन (एसपीएफ़-३० से ऊपर) ध्यान से अपने साथ रखिए और उपयोग करना न भूलें। क्षेत्र के अन्य भागों की तुलना में पुणे की अधिक ऊँचाई के कारण यहाँ रातें काफी शीतल रहती है।

औसतन लगभग ५५०मिमी वर्षा होती है। मई में अक्सर भारी बारिश होती है जिससे तापमान नीचे आ जाता है। कभी-कभी बरसात का समय उदास-सा प्रतीत हो सकता है जब कई दिनों तक लगातार बदली छाई रहती है। सर्दियों में दिन का तापमान २४ से २८° से॰ के बीच और रात में ५ से ८° से॰ तक नीचे जा सकता है। शीतकाल आमतौर पर शुष्क रहता है। साधारणतः नवंबर के महीने में पुणे में जलवायु सुखद होती है।

मनोवृत्ति[सम्पादन]

पुणे के ज़्यादातर लोग उदारपंथी है। यह बहुत ही पारंपरिक और रूढ़िवादी नगरी हुआ करती थी, लेकिन अब समय बदल चुका है। अब यह कोई पहले जैसा अपरिवर्तनवादी छोटा शहर नहीं रहा अपितु एक पूर्वाग्रहमुक्त और अधिक विकसित जगह है।

भाषा[सम्पादन]

बैंक ऑफ़ इंडिया की फर्ग्युसन रोड़ शाखा। पटल पर तीन लिपियाँ हैं (बाएँ से दाएँ) - बालबोध (मराठी), देवनागरी (हिन्दी) व रोमन (अंग्रेज़ी)।

पुणे बहुत हद तक एक विश्वजनीन शहर है। यद्यपि मराठी यहाँ की आधिकारिक और सड़कों पर सबसे अधिक सुनाई देने वाली भाषा है, अधिकांश जन अंग्रेज़ी व हिंदी भी जानते हैं।

यात्रा[सम्पादन]

पुणे पश्चिमी महाराष्ट्र का एक प्रमुख परिवहन केंद्र है। यह सह्याद्री पहाड़ियों के कई पहाड़ी स्टेशनों के लिए प्रवेश-द्वार के रूप में कार्य करता है।

विमान द्वारा[सम्पादन]

  • 1 पुणे विमानक्षेत्र (पुणे अन्तर्राष्ट्रीय विमानक्षेत्र), लोहेगाँव +९१ २० २६६८ ३२३२फैक्स: +९१ २० २६६८ ५५९९ पुणे का अपना नागरिक हवाई अड्डा नहीं है। सभी वाणिज्यिक हवाई वाहक लोहेगाँव स्थित सैन्य हवाई अड्डे से संचालन करते हैं जो शहर के केंद्र से लगभग १० किमी दूर है। यातायात स्थिति के आधार पर पहुँचने में तकरीबन आधे से 1 घंटे तक का समय लगता है। यहाँ से लगभग सभी घरेलू वाहक उड़ान भरते हैं लेकिन विमानक्षेत्र के वायुसेना के नियंत्रण में होने के कारण उड़ानों की संख्या सीमित है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें केवल दुबई और फ्रैंकफर्ट के लिए चलती हैं। सुविधाएँ अपर्याप्त हैं - आगंतुकों के लिए एक पैसा विनिमय करने की जगह, एक बहुत छोटा-सा ड्यूटी फ्री और एक पूर्व-भुगतान टैक्सी स्टॉल हैं; प्रस्थान स्थल के पास हल्के नाश्ते के लिए कुछ दुकानें, एक छोटा ड्यूटी फ्री और सामग्री स्टोर है। विमानपत्तन का बिज़नेस लाउंज एकदम मूलभूत है। अगर सीधी उड़ान मिलना आपके लिए मुश्किल लग रहा है तो मुंबई पहुँचकर टैक्सी या रेल से पुणे तक की यात्रा करना एक व्यवहार्य विकल्प है। लंबी दूरी के लिए निजी टैक्सी से जाने पर करीब तीन घंटे और ₹३,००० लगने चाहिए। पुणे अन्तर्राष्ट्रीय विमानक्षेत्र को विकिपीडिया में देखें Q1432525 को विकिडाटा में देखें

पुणे को जोड़ने वाली उड़ानें इस प्रकार हैं -