विकियात्रा से

विकियात्रा शैली इस परियोजना पर बनने वाले लेखों के लिए शैली दिशानिर्देश है। यहाँ कुछ सामान्य तारीकों का विवरण दिया गया है जिनका पालन लेख बनाते समय विकियात्रियों से अपेक्षित है। यह भी संभव है कि इन दिशानिर्देशों के अपवाद भी हों और विशेष परिस्थितियों में यहाँ बताये गए दिशानिर्देशों से हटकर कोई अन्य तरीका अपनाना बेहतर साबित हो। हालाँकि, इन अपवाद की दशाओं का निर्धारण हमेशा आम सहमति से किया जाना चाहिए और बाकी सामान्य दशाओं में, यहाँ बताये गए शैली निर्देशों के अनुसार ही चलना आम और उचित व्यवहार है। अपवादों को अपवाद की तरह ही इस्तेमाल करें। दूसरे शब्दों में कहें तो आम तरीकों को तभी छोड़ें जब वे परिस्थिति विशेष के कारण उचित न रह जायें, अन्यथा इन्ही का अनुपालन करना सर्वश्रेष्ठ है।

यहाँ, पन्ने पर अत्यधिक विस्तृत विवरण से बचने के लिए इन दिशानिर्देशों को उपपन्नों पर बाँट कर लिखा गया है और संक्षिप्त परिचय यहाँ दिया गया है। यदि आप नये हैं और इन ढेर सारे दिशानिर्देशों को देखकर उलझन महसूस होती है, सहज रहें और विकियात्रा पर अपनी जानकारी साझा करना शुरू करें, यदि आपसे कोई गलती होती है तो उसे कोई अन्य विकियात्री अवश्य सुधारेगा। यदि किसी लेख में शैली संबंधी किसी विशेष समस्या के बारे में आपको कुछ पूछना है तो लेख के वार्ता पर लिखें। अन्य विकियात्रियों को अपने विचार जाहिर करने के आमंत्रित करें।

स्वरूप[सम्पादन]

सुन्दरता[सम्पादन]

यदि किसी लेख में अच्छी जानकारी हो, पर वो लेख सुन्दर न हो तो किसी भी पाठक को उस लेख को पढ़ने में अच्छा नहीं लगेगा। वहीं सुन्दरता के साथ लिखा गया कोई अच्छा लेख पाठकों को आगे भी पढ़ने हेतु प्रेरित करता है। इस तरह से पाठक के लेखक के रूप में योगदान देने की संभावना भी अधिक हो जाती है। लेखों की सुन्दरता केवल पाठकों को प्रेरित ही नहीं करता है, बल्कि उसी के साथ साथ लेखों की गुणवत्ता को भी दर्शाता है।

लेख को सुन्दर बनाने के लिए आपको लेखक के दृष्टि से नहीं, बल्कि पाठक के दृष्टि से लेख को देखना होगा। उदाहरण के लिए, यदि कोई लेख नहीं बना है, उस लेख की कड़ी किसी और लेख में जोड़ देने से लाल कड़ी के रूप में दिखाई देता है। इसका उपयोग लेखक सीधे कोई नया लेख बनाने के लिए तो कर सकता है, लेकिन पाठकों के लिए लाल कड़ी उपयोगी नहीं है, बल्कि लाल कड़ियों को देखने से ऐसा प्रतीत होता है, जैसे विकि में सामग्री की बहुत कमी है।

ठीक इसी प्रकार यदि आप ढेरों अनुभाग बना लेते हैं, लेकिन उसमें एक वाक्य भर की जानकारी रखते हैं, तो उससे भी ऐसा ही लगता है, जैसे इस विकि में जानकारी की कमी है। हालांकि हम हर अनुभाग का अच्छी तरह विस्तार नहीं कर सकते, पर लेख को अच्छा बनाने के लिए अनुभाग का सीमित आकार का होना अच्छा होता है। अर्थात किसी अनुभाग को न तो बहुत ही बड़ा होना चाहिए और न ही बहुत ही छोटा होना चाहिए।

लेखन शैली[सम्पादन]

नकारात्मक समीक्षा[सम्पादन]

कुछ जगहों के भोजनालयों, होटल और पर्यटन स्थलों में कई प्रकार की खराबियाँ रहती है, जिसके कारण वहाँ जाना अलाभकारी होता है। यदि ऐसा कुछ है, तो उसे लेख में जोड़ने से अच्छा है कि उसे न लिखा जाये, क्योंकि ऐसे जगहों के बारे में सूची बनाने का कोई कारण नहीं है, जहाँ यात्रियों को नहीं जाना चाहिए।

लेकिन कुछ मामलों में ऐसे जगहों के बारे में जानकारी जोड़ा जा सकता है, यदि उस जगह के बारे में अन्य मार्गदर्शक पुस्तकों आदि में विशेष रूप से जानकारी दी गई हो, व्यापक रूप से प्रचार किया गया हो, रेलवे स्टेशन आदि जैसे प्रमुख स्थलों के समीप हो या उस जगह में केवल कुछ ही या मात्र एक ही विकल्प के रूप में हो। यदि इनमें से कोई इसका कारण हो तो, उसके बारे में लिखा जा सकता है, लेकिन उसके साथ ये भी जोड़ना चाहिए कि वहाँ न जाने का क्या कारण है और क्यों वहाँ नहीं जाना चाहिए।

यदि किसी जगह के बारे में बहुत कम समीक्षा मौजूद हो, और उनमें से भी कुछ नकारात्मक हो, तो भी उन समीक्षाओं को हटाना नहीं चाहिए। रिक्त जानकारी से अच्छा है कि कुछ जानकारी उपलब्ध हो। इसके अलावा कुछ सामान्य चीजों को नकारात्मक समीक्षा के रूप में नहीं लिया जाता है, जैसे असुरक्षित जगहों, नशीली दवाओं, भ्रष्टाचार, प्रदूषण और खराब मौसम के बारे में, जब तक कि उससे यात्रियों को लाभ हो।

शब्दों का चयन[सम्पादन]

विकियात्रा में कुछ खास प्रकार के ही लेख मौजूद हैं, जिसमें देश, राज्य, शहर या अन्य कोई उल्लेखनीय घूमने की जगहों पर ही लेख मौजूद है। लोगों द्वारा जानकारी को आसानी से ढूँढने के लिए इसमें एक समान अनुभागों का सभी लेखों में इस्तेमाल किया जाता है। इसमें किस अनुभाग के उप-अनुभाग में कौनसी जानकारी होगी, यदि पाठकों को पहले से पता होगी तो वे आसानी से उस जानकारी तक पहुँच सकते हैं। इसी के साथ साथ सभी लेखों के अनुभागों में एक ही शब्द का उस जानकारी वाले अनुभाग हेतु उपयोग करने से साइट की गुणवत्ता में भी बढ़ोत्तरी होती है।

कोशिश करें कि सभी लेखों में अनुभागों के नाम हेतु उसी शब्द का इस्तेमाल हो, जो अन्य लेखों में भी हो रहा है। हालांकि आप अपने शब्दों में अनुभागों के अंदर जानकारी लिख सकते हैं, पर कोशिश यही करें कि सारे विकियात्रा के लेखों में एक रूपता रहे और शब्द अत्यधिक जटिल या अन्य भाषा के न हो। यात्रा हेतु मार्गदर्शन प्राप्त करने वाले सभी पाठकों का किसी भाषा विशेष का अच्छा ज्ञान हो, यह संभव नहीं है, पर हिन्दी विकियात्रा में पढ़ने आने वाले पाठकों को हिन्दी का अवश्य ही ज्ञान होगा, इस कारण यदि आप कोई दूसरे भाषा की किसी चीज़ के बारे में जानकारी जोड़ रहे हैं, तो कृपया उसका स्थानीय नाम के साथ साथ हिन्दी नाम भी अवश्य लिखें। यदि उसका हिन्दी में कोई नाम न हो तो उसके बारे में कोई छोटी जानकारी लिख सकते हैं, जिससे पाठकों को उसकी जानकारी हो।